कासगंज के शातंनु भदौरिया ने इंटरमीडिएट में जनपद किया टॉप

रिपोर्ट,, वसीम कुरैशी

 गंजडुंडवारा कासगंज

 

गंजडुंडवारा में खुशी की लहर

कासगंज : जनपद के कस्बा गंजडुंडवारा के लिए उस समय गर्व का क्षण आया, जब शातंनु भदौरिया ने इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। सीमित संसाधनों और साधारण परिवार से आने वाले शातंनु की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और अटूट संकल्प का परिणाम है।

शातंनु के पिता दिल्ली में टैक्सी चालक के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहणी हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उनके परिवार ने उनकी शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। शातंनु ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अकबर अली मेमोरियल पब्लिक स्कूल, पिथनपुर से प्राप्त की, जहां उन्होंने हाईस्कूल में भी जनपद में आठवां स्थान हासिल किया था।

इंटरमीडिएट की तैयारी के दौरान उन्होंने गंजडुंडवारा स्थित एक शिक्षण संस्थान से मार्गदर्शन लिया और प्रतिदिन लगभग छह घंटे नियमित अध्ययन कर अपने लक्ष्य को प्राप्त किया। उनकी सफलता यह साबित करती है कि सही दिशा, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

तीन भाइयों में सबसे छोटे शातंनु का सपना संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर सिविल सेवा में जाना है, ताकि वे समाज और देश के लिए बेहतर कार्य कर सकें। वे मूल रूप से गांव नगला डाल, नरथर के निवासी हैं, लेकिन वर्तमान में गंजडुंडवारा में अपनी माता के साथ रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।

उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। बाबा इन्द्रपाल सिंह भदौरिया सहित परिजनों ने मिठाई खिलाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने शातंनु को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

शातंनु भदौरिया की यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जनपद के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

Recent Posts