सियादेवी जलाशय में 3 दिवसीय इको टूरिज्म फेस्ट का शुभारंभ

गुरुर 13 फरवरी 2026
प्रकृति की मनोरम वादियों के बीच स्थित गुरूर विकासखंड के ग्राम नारागांव में आज 3 दिवसीय सियादेवी इको टूरिज्म फेस्ट का भव्य शुभारंभ हुआ। 13 से 15 फरवरी तक आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य सियादेवी जलाशय को एक प्रमुख इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित करना है।
कार्यक्रम में संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लुनिया, राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासनिक स्तर पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, वनमंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं अजय किशोर लकरा, एडीशनल एसपी मोनिका ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पर्यटक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
बैम्बू राफ्टिंग और एडवेंचर गतिविधियों का आकर्षण
शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बैम्बू राफ्टिंग में सवार होकर सियादेवी जलाशय का भ्रमण किया। इसके साथ ही तीरंदाजी, एयर गन, वॉल क्लाइम्बिंग, टायर क्लाइम्बिंग, मोटर बाइक स्टंट, फ्लोटिंग बलून और हॉट एयर बलून जैसी एडवेंचर गतिविधियों में भी भागीदारी कर पर्यटकों का उत्साहवर्धन किया गया।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने स्कूली बच्चों के साथ म्यूजिकल बॉल खेलकर उनका मनोबल बढ़ाया और आयोजन को उत्साहपूर्ण बनाया।
पर्यटन विकास और आजीविका पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संगीता सिन्हा ने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सियादेवी जलाशय शासन-प्रशासन के सहयोग से एक सुंदर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने यहां पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कॉम्प्लेक्स निर्माण की मांग भी रखी।
राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन ने आयोजन की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने सियादेवी जलाशय से जुड़ी पुरानी स्मृतियों को साझा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में पर्यटन विकास के लिए किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया।
स्थानीय संस्कृति और उत्पादों को मिला मंच
कार्यक्रम में स्व सहायता समूह की महिलाओं एवं स्थानीय कलाकारों ने सुमधुर गीत-संगीत की प्रस्तुति देकर वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। आयोजन स्थल पर स्थानीय व्यंजनों और उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए, जहां ठेठरी, खुरमी सहित पारंपरिक खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।
सियादेवी इको टूरिज्म फेस्ट के माध्यम से जिले में पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।

स्वपना माधवानी

बालोद, छत्तीसगढ़

Recent Posts