असमोली विधानसभा क्षेत्र के गांव देहपा में इंधन बचाओ एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष अंजू चोधरी ने किया।
बैठक में बढ़ते प्रदूषण, पेट्रोल-डीजल की खपत और पर्यावरण पर पड़ रहे दुष्प्रभावों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अंजू चौधरी ने कहा कि आज के समय में इंधन की बचत केवल आर्थिक जरूरत नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर ईंधन की बचत की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचना चाहिए तथा अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन और कार पूलिंग को अपनाना चाहिए। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को भी बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं से विशेष रूप से घर और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
बैठक में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। कार्यक्रम में लोगों को इंधन बचाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने की शपथ भी दिलाई गई।
अंजू चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश में पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने इंधन बचाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।






