मुरादाबाद में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण, मरीजों का जाना हालचाल

 

 

रविवार को उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। डिप्टी सीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

 

डिप्टी सीएम सीधे इमरजेंसी वार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से दवाइयों, इलाज और डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर भी फीडबैक लिया।

 

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने इमरजेंसी वार्ड का रजिस्टर चेक किया और ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अस्पताल आने वाले हर मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए।

 

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए डिप्टी सीएम ने अस्पताल प्रशासन को हीट वेव से बचाव के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त दवाइयां, बेड और डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी मरीज को परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

इस दौरान जिलाधिकारी राजेंद्र पैसिया और एसएसपी सतपाल अंतिल भी डिप्टी सीएम के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर डिप्टी सीएम को जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही।

जसवीर सिंह की रिपोर्ट मुरादाबाद

Recent Posts