मुरादाबाद के थाना गलशहीद में पुलिस का मानवीय और संवेदनशील चेहरा देखने को मिला, जहां थाना अध्यक्ष पवन कुमार ने एक बुजुर्ग की समस्या का समाधान कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया। पुलिस की इस पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
शनिवार को करीब 70 वर्षीय एक बुजुर्ग थाना गलशहीद पहुंचे और अपने पुत्र व पुत्रवधू पर मानसिक प्रताड़ना तथा उपेक्षा का आरोप लगाते हुए मदद की गुहार लगाई। बुजुर्ग की पीड़ा सुनकर थाना अध्यक्ष पवन कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत उनके पुत्र को थाने बुलाने के निर्देश दिए।
थाने पहुंचने पर एसओ पवन कुमार ने युवक को माता-पिता के सम्मान और जिम्मेदारियों का पाठ पढ़ाते हुए कड़ी फटकार लगाई। थाना अध्यक्ष की समझाइश का असर ऐसा हुआ कि युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए अपने पिता के चरण स्पर्श कर माफी मांगी। बेटे के बदले व्यवहार को देखकर बुजुर्ग भावुक हो उठे और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
इस दौरान थाना अध्यक्ष पवन कुमार ने बुजुर्ग को गले लगाकर बेटे जैसा स्नेह दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने बुजुर्ग को जलपान कराया और सम्मानपूर्वक उनके पुत्र के साथ घर भेजा। पुलिस के इस व्यवहार से बुजुर्ग के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
थाना गलशहीद पुलिस के इस सराहनीय कार्य की स्थानीय लोग जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस का यह मानवीय रूप समाज में विश्वास और अपनापन बढ़ाने का कार्य करता है। यह घटना साबित करती है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के दुख-दर्द में सहभागी बनकर समाज को नई दिशा देने का काम भी करती है।
जसवीर सिंह की रिपोर्ट मुरादाबाद






