मुरादाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के समक्ष रखीं। किसी ने भूमि विवाद की शिकायत की तो किसी ने सरकारी योजनाओं में अनियमितता और दबंगों द्वारा उत्पीड़न की पीड़ा सुनाई।
जिलाधिकारी ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्ण और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम जनता को न्याय मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान कई बुजुर्ग, महिलाएं और ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने यह भी स्पष्ट किया कि झूठी और तथ्यहीन शिकायतें करने वालों पर भी प्रशासन सख्त रुख अपनाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि जनसुनवाई व्यवस्था की गंभीरता बनी रहे।
जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।






