नीट पेपर लीक, शिक्षा के बढ़ते निजीकरण एवं छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी अभियान।

नीट पेपर लीक, शिक्षा के बढ़ते निजीकरण एवं छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी अभिया, इसको लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय पर की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस

कासगंज -कांग्रेस पार्टी ने देश में लगातार हो रहे नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती अव्यवस्था तथा छात्रों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। पार्टी का कहना है कि वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।

जिला अध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने कहा है कि वर्ष 2015 से लेकर हाल के वर्षों तक नीट परीक्षा में कई बार गड़बड़ियां एवं पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद सरकार प्रभावी और स्थायी समाधान प्रस्तुत करने में विफल रही है। हाल ही में आयोजित नीट परीक्षा में भी बड़े पैमाने पर प्रश्नपत्र लीक होने की खबरों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि केवल नीट ही नहीं, बल्कि विभिन्न भर्ती परीक्षाओं एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी लगातार अनियमितताएं सामने आई हैं। इससे छात्रों और अभिभावकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। लाखों विद्यार्थी वर्षों की मेहनत, समय और धन खर्च करने के बावजूद असुरक्षा और अनिश्चितता का सामना करने को विवश हैं।

कांग्रेस के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य मुनेन्द्र पाल सिंह राजपूत ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा प्रारंभ किए गए “छात्रों की गूंज” अभियान का उद्देश्य देशभर के छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों की आवाज़ को मंच प्रदान करना है। इस अभियान के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में सुधार, निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली तथा विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा के लिए सुझाव एकत्र किए जा रहे हैं। राहुल गांधी ने कोटा में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम में कहा कि शिक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जो छात्रों के सपनों को पूरा करने में सहायक बने, न कि उन्हें आर्थिक और मानसिक दबाव में धकेले।

वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव कंट्रोल रूम प्रभारी विमल कुमार सिंह ने कहा कि कि सरकारी शिक्षा पर व्यय में लगातार कमी तथा निजी शिक्षण संस्थानों और महंगी कोचिंग व्यवस्था के विस्तार ने मध्यम एवं गरीब परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ डाल दिया है। लाखों परिवार अपनी आय का बड़ा हिस्सा बच्चों की शिक्षा पर खर्च करने के लिए मजबूर हैं।

कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि नीट सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए, पेपर लीक के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह और छात्र हितैषी बनाया जाए। पार्टी इस मुद्दे को देशभर में जनजागरण अभियान के माध्यम से उठाती रहेगी और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।
प्रेस बार्ता के दौरान सोशल मीडिया जिला प्रभारी अभिषेक दुबे जिला कोषाध्यक्ष राजा सलमानी राष्ट्रीय छात्र संघठन के जिलाध्यक्ष दीपक धनगर भी उपस्थित रहे

रिपोर्ट मुकेश यादव कासगंज

Recent Posts