
कासगंज। जनपद कासगंज के बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पूर्व जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) राजीव कुमार को पद से हटा दिया गया है, जबकि अजय कुमार सिंह ने नए जिला कार्यक्रम अधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करते ही विभागीय अधिकारियों, सीडीपीओ, सुपरवाइजरों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।
नवागत जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा विभाग की योजनाओं का जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने सभी सीडीपीओ, सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा धात्री माताओं को मिलने वाली सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अवसर पर सीडीपीओ राजीव कुमार, सुपरवाइजर पूनम लता, सुपरवाइजर मोनिका वशिष्ठ, बाबू सचिन कुमार, महावीर सिंह, हैदर सहित विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने नवागत डीपीओ का स्वागत कर उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में हुए इस प्रशासनिक बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में सरकारी योजनाओं का प्रभावी संचालन होगा और पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ और अधिक पारदर्शिता के साथ पहुंचेगा।
रिपोर्ट मुकेश यादव कासगंज






