कासगंज: कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क हादसे में एक कांवड़िए की मौत, दो घायल।

 

कासगंज। दिनांक 02 अगस्त 2026 को जनपद आगरा कमिश्नरेट के 4-5 गांवों से कुल 32 कांवड़ियों का एक जत्था कछला गंगा घाट से जल लेने जनपद कासगंज आया था। यह जत्था एक पिकअप वाहन, पांच मोटरसाइकिल एवं एक एक्टिवा स्कूटी से कछला घाट पहुंचा था। जल भरने के बाद सभी अपने गृह जनपद आगरा लौट रहे थे।

सोरों-कासगंज मार्ग पर लौटते समय जत्थे की एक मोटरसाइकिल, जिस पर अभिषेक पुत्र उमाशंकर (निवासी ग्राम खोहरी, थाना खेड़ा राठौर, आगरा), मनीष पुत्र विनोद (निवासी शंकरपुर, थाना बाह, आगरा) तथा राहुल पुत्र रामबरन (निवासी हरलालपुर, थाना बाह, आगरा) सवार थे, अनियंत्रित होकर अपने ही समूह की पिकअप में पीछे से टकरा गई।

 

हादसे के बाद साथियों ने तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान मोटरसाइकिल चालक मनीष की मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर कोई खुली चोट के निशान नहीं पाए गए।

घायल अभिषेक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि राहुल को पेट में दर्द की शिकायत होने पर बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मृतक के परिजनों को रात में ही दे दी गई थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है तथा किसी प्रकार की प्रतिकूल शांति व्यवस्था की स्थिति नहीं है।

 

रिपोर्ट मुकेश यादव कासगंज

Recent Posts