जसवीर सिंह गौतम मंडल ब्यूरो मुरादाबाद
मुरादाबाद: अधीक्षण अभियंता गुलशन गोयल के निर्देशन एवं कड़ी निगरानी में विद्युत वितरण खंड प्रथम (ग्रामीण) की टीम ने शुक्रवार को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र चौधरपुर के अंतर्गत गांव जिवाई में सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिजली चोरी, बकाया वसूली और खराब मीटर बदलने की कार्रवाई की गई।
संयुक्त अभियान में अधिशासी अभियंता अमरीश कुमार विद्युत वितरण खंड प्रथम (ग्रामीण), अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता विद्युत परीक्षण खंड, उपखंड अधिकारी मझोला सर्वेश कुमार एवं उपखंड अधिकारी राम लखन चौधरपुर तथा विजिलेंस टीम शामिल रही। अधिकारियों ने कुल 310 बिजली संयोजनों की जांच की। जांच के दौरान सात उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी पाए जाने पर विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई। वहीं करीब 5.98 लाख रुपये के बकाये वाले 18 विद्युत संयोजनों को विच्छेदित कर दिया गया। इसके अलावा 12 संयोजनों में 49,833 किलोवाट घंटे (केडब्ल्यूएच) रीडिंग स्टोर पाई गई, जिसकी भी जांच की जा रही है। अभियान के दौरान विभाग ने 8.95 लाख रुपये के राजस्व की वसूली भी की। साथ ही खराब पाए गए 18 पुराने बिजली मीटर हटाकर उनकी जगह नए स्मार्ट मीटर लगाए गए, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक पारदर्शी और सटीक बिजली बिलिंग की सुविधा मिल सके।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी रोकने, राजस्व वसूली बढ़ाने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।













