
महराजगंज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, महराजगंज ने जनपद के परतावल क्षेत्र स्थित PSM वर्ल्ड स्कूल, कुँअरचाप, पनियरा का विद्यालय बंद करने के आदेश के बावजूद संचालन जारी रहने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक से मामले की निष्पक्ष जाँच कराने एवं आवश्यक कार्रवाई करने की माँग की है।

परिषद की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपे गए प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया है कि कार्यालय द्वारा विद्यालय बंद रखने के संबंध में आदेश जारी किए जाने के बावजूद संबंधित विद्यालय का संचालन जारी रहने की जानकारी प्राप्त हुई है। यदि शिकायत सत्य पाई जाती है, तो यह प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना का गंभीर मामला है।
परिषद ने माँग की है कि प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेकर विद्यालय प्रबंधन से लिखित स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए तथा यह स्पष्ट किया जाए कि आदेश जारी होने के बावजूद किन परिस्थितियों में विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। साथ ही, जाँच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में नियमों एवं प्रशासनिक आदेशों का पालन सुनिश्चित होना आवश्यक है। इस प्रकार के मामलों में प्रशासन को निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ जाँच कर उचित कदम उठाने चाहिए, जिससे शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन एवं प्रशासनिक व्यवस्था की विश्वसनीयता बनी रहे।
परिषद ने जिला प्रशासन से पूरे प्रकरण की शीघ्र जाँच कर उचित कार्रवाई करने की अपेक्षा की है।













