
दिनांक: 24 अक्टूबर 2026
कासगंज। आगामी दीपावली पर्व के अवसर पर जनमानस को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद कासगंज की टीम द्वारा निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह कासगंज के आदेशों के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II श्री कुलदीप सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने तहसील पटियाली के अंतर्गत थाना दरियावगंज स्थित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सुनील स्वीट्स से खोया, बांके बिहारी स्वीट्स से लौंज तथा राकेश कुमार एवं मम्मी-पापा स्वीट्स से बर्फी के नमूने संग्रहित किए गए। संग्रहित तीनों नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद के समस्त खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि खाद्य पदार्थों में कलर का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही करें तथा एल्यूमिनियम वर्क के स्थान पर चांदी के वर्क का ही प्रयोग करें। खाद्य पदार्थों के भंडारण एवं बिक्री के दौरान स्वच्छता और गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखें।
विभाग ने चेतावनी दी है कि किसी भी खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा पुराने अथवा मिलावटी खाद्य पदार्थों का निर्माण या बिक्री जनस्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट मुकेश यादव कासगंज













