
महराजगंज। प्रेम संबंधों से उपजे सामाजिक दबाव ने एक युवक की जान ले ली। थाना फरेन्दा क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का महराजगंज पुलिस ने खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों समेत एक नाबालिग अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती से प्रेम संबंध उजागर होने के बाद बदनामी के डर से आरोपियों ने युवक को बुलाकर योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर दी और शव खेत में छिपा दिया।
पुलिस के अनुसार, बैकुण्ठपुर निवासी आदित्य चौरसिया 02 फरवरी 2026 को तिलक-एनिवर्सरी कार्यक्रम देखने के बहाने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। चार दिन बाद 06 फरवरी को लेजार महदेवा गांव स्थित दुबौलिया पोखरा के पास गेहूं के खेत से उसका शव बरामद हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जांच में खुलासा हुआ कि मृतक आदित्य का मुख्य आरोपी मथुरा गुप्ता की नाबालिग बेटी से प्रेम संबंध था। इस संबंध के उजागर होने और सामाजिक बदनामी के डर से आरोपियों ने आदित्य को बुलाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को तालाब के पास गेहूं के खेत में छिपा दिया गया, ताकि घटना को दुर्घटना या गुमशुदगी का रूप दिया जा सके।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा (आईपीएस) के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में गठित टीम ने फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और सर्विलांस की मदद से साक्ष्य जुटाए। ठोस प्रमाण मिलने के बाद पुलिस ने मथुरा गुप्ता, प्रदीप गुप्ता और एक नाबालिग अपचारी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
मथुरा गुप्ता (निवासी लेजार महदेवा टोला लीलाछापर, थाना फरेन्दा)
प्रदीप गुप्ता (निवासी हरपुर टोला कटहिया, थाना फरेन्दा)
एक नाबालिग अपचारी
पंजीकृत अभियोग: मु0अ0सं0 36/2026, धारा 103(1), 238, 3(5), 61(2) बीएनएस
गिरफ्तार करने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र कुमार राय सहित थाना फरेन्दा पुलिस टीम।
UP Police Maharajganj Police #bharatvarsh samachardigital#maharajganjnews #Maharajganj #महराजगंज #pharenda #फरेंदा #आनंदनगर #Anandnaga

