
महराजगंज/घुघली। घुघली चीनी मिल को पुनः संचालित किए जाने के मुद्दे पर धरातलीय सच्चाई जानने के उद्देश्य से आज घुघली मीडिया के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी (डीएम) एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) महराजगंज से मुलाकात की।
मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने चीनी मिल से जुड़े विभिन्न पहलुओं और वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चीनी मिल को पुनः चालू किए जाने के संबंध में माननीय हाईकोर्ट का आदेश उन्हें भी प्राप्त हो चुका है तथा संबंधित बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि चीनी मिल से जुड़े प्रतिनिधि भी उनसे मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
घुघली चीनी मिल का मुद्दा लंबे समय से क्षेत्र की जनता, किसानों और श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण बना हुआ है। मिल के पुनः संचालन को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चाएं हो रही हैं और लोग प्रशासन के अगले कदम पर नजर बनाए हुए हैं।
अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच और आगामी निर्णयों पर टिकी हैं, जिससे घुघली चीनी मिल के भविष्य को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके।
भारतवर्ष समाचार डिजिटल सच के साथ, जनता की आवाज़






