महराजगंज में एंटी करप्शन की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते दो

महराजगंज में एंटी करप्शन की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते दो गिरफ्तार

महराजगंज। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड, शाखा महराजगंज के सहायक फील्ड ऑफिसर हरेराम प्रसाद तथा डीड राइटर जय ओम यादव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंटी करप्शन टीम ने चौक थाना क्षेत्र के ठेकी चौराहे पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम दोनों को अपने साथ लेकर आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई।

बताया जा रहा है कि शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन विभाग ने मामले की जांच की और शिकायत की पुष्टि होने पर जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही रिश्वत की रकम का लेन-देन हुआ, टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।

इस कार्रवाई के बाद बैंक कर्मचारियों और क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले में आगे की जांच जारी है तथा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भारतवर्ष समाचार डिजिटल

Recent Posts