
रिपोर्टर जसवीर सिंह गौतम मुरादाबाद
मुरादाबाद। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पाकबड़ा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बैंक्वेट हॉल, एक मैरिज हॉल तथा निर्माणाधीन 18 दुकानों को सील कर दिया। यह कार्रवाई प्राधिकरण के सक्षम अधिकारियों के आदेश पर प्रवर्तन दल और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। एमडीए के अनुसार वाद संख्या MUDA/3/ANI2024/0001981 (जोन-3/14) में विपक्षी रईस द्वारा चर्च रोड, थाना पाकबड़ा क्षेत्र में संचालित स्टार लाइट बैंक्वेट हॉल को अवैध पाए जाने पर सील कर दिया गया। इसी क्रम में वाद संख्या MUDA/3/ANI/2023/000851 (जोन-3/14) में विपक्षी अबरार अहमद द्वारा रतनपुर भूड़ चौराहा, इस्लामी मदरसा के सामने संचालित ख्वाजा मैरिज हॉल पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसके अलावा वाद संख्या MUDA/3/ANI2025/0002647 (जोन-3/14) में विपक्षी नजाकत प्रधान द्वारा डीगरपुर रोड, रतनपुर कला, थाना पाकबड़ा क्षेत्र में लगभग 500 वर्गमीटर भूमि पर निर्माणाधीन 18 दुकानों को भी सील कर दिया गया। एमडीए का कहना है कि बिना मानचित्र स्वीकृति एवं विकास प्राधिकरण की अनुमति के कराए जा रहे निर्माण कार्यों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल में अवर अभियंता देवेन्द्र यादव, सोनवीर सिंह और आयुष राजपूत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।






