पूजा सिंह संवाददाता की रिपोर्ट.
आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी के बैनर तले पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक सांकेतिक पैदल मार्च निकालकर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने अयोध्या राम मंदिर चंदा घोटाले की निष्पक्ष जांच, गिरती शिक्षा व्यवस्था में सुधार और महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे उत्पीड़न के मामलों पर सरकार के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई।
समाजवादी पार्टी कार्यालय से शुरू हुआ यह पैदल मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचा। इस दौरान सपा के चारों फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों, छात्र सभा, यूथ फ्रंट, महिला सभा तथा अन्य प्रकोष्ठों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है, शिक्षा व्यवस्था बदहाल है और महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
धरना-प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने मांग की कि अयोध्या राम मंदिर चंदा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
इस मौके पर उपस्थित रहे:
छात्र सभा की प्रदेश कमेटी की उपाध्यक्ष एवं सचिव, यूथ फ्रंट की राष्ट्रीय कमेटी के पदाधिकारी, महिला सभा के पदाधिकारी, समाजवादी अधिवक्ता सभा के अध्यक्ष जयवीर यादव, महासचिव बृजलाल यादव, जिला सचिव अरविंद यादव, मोहम्मद मेहंदी, प्रदेश सचिव महेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।






