संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर /वैशाली :रात के 12 बजते ही लोगों ने एक दूसरे को नव वर्ष की बधाइयां देनी शुरू कर दी। सुबह होने पर लोगो ने स्नान ध्यान किया एवं अपने से बड़े लोगों का आशीर्वाद लिया। नव वर्ष पर अधिकांश लोगों ने शिवालयों में जाकर पूजा अर्चना की।
प्रखण्ड क्षेत्र के ऐतिहासिक सरसई पोखर के तट पर अवस्थित बिहार के सबसे ऊंचे शिव मंदिर में नव वर्ष के मौके पर काफी संख्या में जिले के विभिन्न हिस्सों से लोग पहुंचे। श्री द्वारिका कैलाश धाम के नाम से इस शिव मंदिर प्रांगण का विकास कार्य अभी प्रगति पर ही है किंतु विगत दो-तीन वर्षों से यह वैशाली जिले में पर्यटन का प्रमुख स्थान बन गया है। यहां महत्वपूर्ण पर्व त्यौहारों एवं छुट्टियों पर वैशाली जिले के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ती है।
नव वर्ष पर दर्शनार्थियों के लिए मेले का आयोजन भी किया गया था। मेले का उद्घाटन राजापाकार विधायक महेन्द्र राम ने किया । मौके पर विधायक ने शिव मंदिर में पूजा अर्चना भी की। मेले खाने पीने की वस्तुओं के दुकान, सौंदर्य प्रसाधन की दुकान के साथ साथ कई प्रकार के झूले भी लगे हुए थे ।







